Maiya Samman Yojana: रांची की महिलाओं के लिए बड़ी राहत, 29 अप्रैल को सभी समस्याओं का होगा समाधान
रांची: झारखंड सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत रांची जिला की महिलाओं के लिए एक बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है। 29 अप्रैल, सोमवार को रांची जिला में पंचायतवार और शहरी बैंक शाखाओं में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहां लाभुक महिलाएं अपने बैंक खातों का आधार से लिंक (Aadhar Seeding) करवा सकेंगी।
यह पहल रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर की जा रही है, जिसका उद्देश्य यह है कि जिन महिलाओं को अब तक योजना का आर्थिक लाभ नहीं मिल पा रहा था, उनकी समस्या को स्थायी रूप से हल किया जा सके। आधार लिंकिंग की प्रक्रिया पूरी होने से बैंक खाते में सीधे योजना की राशि पहुंच सकेगी, और महिलाएं इस सरकारी सहायता से पूर्ण लाभ उठा सकेंगी।
सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा विशेष शिविर:
29 अप्रैल को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जिले के सभी प्रखंडों में पंचायत स्तर पर ये शिविर आयोजित होंगे। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पंचायतवार शिविरों की सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी लाभुक महिला को कोई परेशानी न हो।
शहरी क्षेत्रों में बैंक शाखाओं पर होगी सुविधा उपलब्ध:
शहर की लाभार्थी महिलाएं सीधे अपनी संबंधित बैंक शाखाओं में जाकर आधार सीडिंग करवा सकेंगी। इस दिन शहरी क्षेत्र की सभी प्रमुख बैंक शाखाएं इस प्रक्रिया में भाग लेंगी। साथ ही, सभी अंचल अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे जिला प्रशासन से प्राप्त लाभुकों की सूची के अनुसार संबंधित बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें और आधार लिंकिंग का कार्य सुनिश्चित कराएं।
इस पूरी व्यवस्था से न केवल महिलाओं को योजना की आर्थिक सहायता मिलने में सुविधा होगी, बल्कि उनके बैंक खातों की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।
इस योजना के माध्यम से सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा रही है, और इस बार की पहल से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।